भारत में क्यों नही होता जातिया भेद और ब्राहमणवादी(मनुवाद) वर्चस्व के खिलाफ अमेरिका जैसा प्रतिरोध- ओमप्रकाश भारती

*आखिर भारत में क्यों नहीं होता जातीय भेद और ब्राह्मणवादी (मनुवादी) वर्चस्व के खिलाफ अमेरिका जैसा प्रतिरोध?*

अक्सर हमारे यहां मिडिल क्लास के इंजिनियरिंग, मेडिकल, साइंस, मैनेजमेंट के डिग्रीधारी बात बात में भारत की तुलना अमेरिका से करते नहीं थकते, और पूरी कोशिश करते हैं कि वे या उनके बेटे- बेटियां यहां से डिग्री लेकर अमेरिका में नौकरी पा जायें और मौका मिले तो वहीं बस जाये, सक्षम लोग मौका मिलते ही यही करते हैं। जिनके बेटे बेटी ऐसा करने मे सफल हो जाते हैं उनके मां बाप यहां अपने को सुपर नागरिक का स्वयं दर्जा देकर औरों से सुपर बनने का व्यवहार करने लगते हैं और हमारा मूर्ख समाज उन्हें यह मान्यता दे भी देता है। 

निजी तौर पर अमेरिका और उसका कथित जनतंत्र मुझ जैसे लोगों की कभी पसंद नहीं रहे। भले ही तकनीकी विकास वहां पर दुनियां में सर्वश्रेष्ठ है। कुल के बावजूद जब हम भारत से तुलना करते हैं तो अमेरिकी समाज वाकई तरक्की-पसंद नजर आता है। इसलिये नहीं कि वहां तकनीकी विकास ज्यादा है बल्कि वहां पर मानव मूल्यों की कीमत भी दुनियां में सबसे ज्यादा हैं। लोकतात्रिक मूल्यों की जड़े भी अन्य देशों की तुलना मे वहां पर ज्यादा गहरी है। 

हमे यह मानने में कोई संकोच नहीं है कि उस समाज के दामन पर रंगभेद, नस्ल भेद के दाग़ पहले भी रहे हैं और अब भी हैं पर शायद उनका रंगभेद हमारी ब्राह्मणवादी-वर्णव्यवस्था के सामने अब कहीं नहीं ठहरता।
रंगभेद के खिलाफ वहां सदियों की लड़ाइयों का इतिहास है। पर भारत में अगर दक्षिण के केरल और तमिलनाडु आदि जैसे कुछ इलाकों को छोड़ दें तो वर्ण व्यवस्था और सवर्ण-सामंती वर्चस्व के विरुद्ध समाज-सुधार की लड़ाइयां देश के बड़े हिस्से में नहीं लड़ी जा सकीं। 

फूले, पेरियार, अंबेडकर ने प्रयास किया लेकिन उन्हें वैसा सहयोग और सफलता नहीं मिली जैसा अमेरिकी समाज मे लिंकन, कैनेडी और मार्टिन लूथर किंग को मिली। मार्टिन लूथर किंग के आदर्श तो हमारे गांधी ही थे। 

आजादी के 72 साल बाद भी भारत संवैधानिक रूप से ‘जनतंत्र’ लागू करने के ऐलान के बावजूद एक समावेशी और जनतांत्रिक समाज में तब्दील नहीं हो सका। 

*हम आज भी एक लोकतांत्रिक संविधान के होते हुये भी वेद, पुराण, गीता, रामायण में लिखी बातों को ही आदर्श मानकर व्यवहार करते हैं। संविधान को कभी महत्व देते ही नही।* इसका कारण क्या है, आज विचार का यह ज्वलंत प्रश्न सामने खड़ा है।

अन्याय, गैर-बराबरी और उत्पीड़न के डरावने उदाहरणों के बावजूद *अमेरिकी समाज में भारत जैसी नफ़रती हिंसा, वर्ण-वर्चस्व से प्रेरित सामूहिक जनसंहार, आगजनी और सामूहिक बलात्कार जैसी घटनाएं या उन पर शासन की बेफिक्री या कई मामलों में उत्पीड़कों के लिए शासकीय-संरक्षण जैसे हालात नहीं नज़र आते।* ऐसा अमेरिकी समाज में कल्पना के बाहर है। पर लंबी लड़ाइयों और शासन के सकारात्मक कदमों के बावजूद वहां भी रंगभेद के वायरस पूरी तरह ख़त्म नहीं हुए। लेकिन वहां इसको खत्म करने के प्रयास हुये हैं। 

*4 अप्रैल 1968 की घटना है, नोबल शांति पुरुस्कार विजेता मार्टिन लूथर किंग जूनियर की महज 39 वर्ष की उम्र में हत्या हो गई थी पूरे अमेरिका में शोक की लहर थी इस खबर के फैल जाने से गोरे और काले लोगो के बीच बरसो से चली आ रही तनातनी अब और उग्र रूप धारण कर सकती थी, पूरा अमेरिका बारूद के ढेर पर बैठा था...दंगे शुरू हो गए थे।*

फिर अचानक से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रॉबर्ट केनेडी एक ट्रक की छत पर चढ़कर दंगों के बीच अश्वेत लोगो की बस्ती मैं जाकर घोषणा करते है- *आज मैंने अपने दूसरे भाई को खोया है। उसी तरह खोया है। उसी लड़ाई में खोया है। मैं आपके साथ बैठ रोने आया हूँ। आपके मन में आक्रोश होगा कि गोरे लोग इसके जिम्मेदार हैं। तो यह गोरा आपके बीच खड़ा है। आप अपना आक्रोश मुझ पर उतार लें। यह वक्त अमेरिका को एक साथ खड़े होने का है, मार्टिन लूथर किंग के वाशिंगटन में देखे स्वप्न के पूरा करने का। उस नयी सुबह देखने का। जब एक गोरा किसी अश्वेत की मौत पर उसके कंधे पर सर रख कर साथ रोए, और एक अश्वेत एक गोरे की मौत पर।*

हां, भारत में भी ऐसा हुआ जब गांधी की हत्या कर दी गयी थी तब कैनेडी जैसा नेता हमने भी दिया था, वो कौन था ? 

30 जनवरी 1948 को बापू की हत्या कर दी जाती है बापू दंगे रोकने के लिए खुद दंगों की जगहों पर जाकर अपनी जान की परवाह किये बगैर अहिंसा के अपने हथियार से उन दंगो को रोक पाने में सफल हो जाते थे। मार्टिन लूथर किंग जूनियर बापू को अपना आदर्श मानते थे और अहिंसा और सत्याग्रह को नस्लीय हिंसा से लड़ने का प्रमुख हथियार मानते थे। 

*बापू और मार्टिन लूथर किंग की हत्या करने वाली विचारधारा एक ही थी लेकिन देश अलग अलग थे*

बापू की हत्या के बाद जवाहर लाल नेहरू ने राष्ट्र के नाम संदेश में कहा कहा था कि पिछले वर्षों और महीनों के दौरान इस देश में काफी जहर फैल चुका है और इस जहर का लोगों के दिमाग पर असर पड़ा है। हमें इस जहर का सामना करना चाहिए, हमें इस जहर को जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिए लेकिन इसके लिए हमें हिंसा और नफरत को त्यागना होगा हम केवल प्रेम से ही इस नफरत के जहर को खत्म कर सकते है। 

*क्या "मोदी और ट्रंप की हिम्मत है" कि हिंसा के बीच ऐसे निर्भिक होकर जांयें...ये तो ऐसे घटनाओं की निंदा तक नहीं करते। अमेरिका वाला तो बंकर में घुस गया, यहां वाला क्या करेगा, समय बतायेगा।*

केनेडी और नेहरू ने बताया कि एक सच्चा नेता वो होता है जो सच और देश को जिंदा रखने के लोगो के बीच अपनी जान की परवाह किए बगैर जाता है वो अपने समाज और देश को जोड़ने के लिए खुद को भी कुर्बान करने में परहेज नही करता है ऐसी स्थिति में ही एक लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष राज्य की नींव मजबूत की जाती है, जब सारी साम्प्रदायिक और विभाजनकारी शक्तियां उसे तोड़ने की साजिश रचती है। 

*हमने तो गांधी की हत्या पर मिठाईयां बांटने वाले को महिमामंडित किया। स्कूल , कालेज, वि.वि. की जगह मंदिर-मस्जिद को अहमियत दी। 

नारा "वसुधैव कुटुंबकम" का लगाते है और छुआछूत, जाति और धर्म को आधार बनाया। ऐसे दोगले समाज का निर्माण करने मे, गांधी-नेहरू के विचारों की हत्या करने मे  72 साल बिता दिये। हिंदू-मुसलमान से हम उपर उठ नही सके तो क्या खाक अमेरिका से तुलना करेंगे।

आज पूरे विश्व और भारत का दुर्भाग्य है कि ऐसे नेता अब बन नही पा रहे है, न अमेरिका में लिंकन या कैनेडी हैं, न भारत में गांधी और नेहरू....।। 

भारत लिंचिंग हब बनकर रह गया है कब, किसको, कहाँ जाति-धर्म-संप्रदाय के नाम पर मार दिया जायेगा, कहा नहीं जा सकता!! 

आज देश मे, जब अपराधी जेल से जमानत पाकर निकलते हैं तो सत्ता में बैठे हुये लोग फूलमाला से उनका स्वागत करके उनका महिमामंडन करते हैं। 

अमेरिका में हाल ही में एक पुलिसकर्मी द्वारा वहां के एक अफ्रीकी-अमेरिकन नागरिक जार्ज फ्लायड की नृशंस हत्या इसका ठोस उदाहरण है। अतीत में भी दमन-उत्पीड़न के ऐसे अनेक मामले समय-समय पर दर्ज़ होते रहे हैं। इन सब पर अमेरिकी समाज और शासन में हमेशा हलचल भी हुई। प्रतिरोध की संगठित आवाजें भी उठी हैं।

आज अमेरिका में अनेक जगहों पर कोरोना के ख़तरे और तमाम शासकीय पाबंदियों की परवाह किए बगैर जार्ज फ्लायड जैसे एक आम व्यक्ति की हत्या पर लोग आंदोलित हैं। अश्वेत और श्वेत सभी इस प्रतिरोध का हिस्सा हैं। 

*"डेरेक शौविन" सहित उन चार पुलिसकर्मियों को जो इसमे शामिल थे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई के लिए जांच जारी है।* 

जनता सड़कों पर उतर आई है। वाइटहाउस के सामने भी प्रदर्शन जारी हैं। इन प्रदर्शनों में श्वेतों की भी उपस्थिति रही है। क्या भारत मे ऐसा संभव है ? कदापि नहीं!!

ये तो मानना पड़ेगा, अमेरिकी समाज की और जो भी खामियां हों, वह भारत के सड़े हुए मनुवादी-वर्चस्व के वर्णवादी समाज से बिल्कुल अलग हैं। यहां तो पढ़े-लिखे बौद्धिक मिज़ाज वाले सवर्णों का बड़ा हिस्सा आज भी उत्पीड़ित समाज के लोगों के जुल्मों-सितम के विरुद्ध नहीं खड़ा होता। सकारात्मक कार्रवाई के बेहद साधारण संवैधानिक कदम भी उसे नागवार गुजरते हैं। वह ऐसे अपराध को भी वह खुलेआम मेरिट से जोड़कर सही साबित करने में लग जाता है। लेकिन मूल संवैधानिक प्रावधानों के बगैर उच्च वर्ण के लोगों के लिए जब नौकरियों में 10% आरक्षण की व्यवस्था होती है तो वह उसका विरोध करने की बात तो दूर रही, उसे जरूरी बताने में भी शर्म महसूस नहीं करता। इस बात पर भी उसे शर्म नहीं आती कि नौकरशाही, मीडिया और न्यायपालिका के शीर्ष पदों पर ही नहीं, विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से लेकर प्रोफेसरों तक की सूची में भी सिर्फ कुछ ही वर्णों के लोग पदासीन नज़र आते हैं। ऐसे लोग नौकरियों मे मेरिट की बात करते हैं जब देश के PM की बात आती है तो वही लोग एक अनपढ़, गोधरा जैसे नरसंहार के विलेन को नेहरू की जगह और एक तड़ीपार अपराध के अभियुक्त को पटेल की जगह  चुनते हैं।  

अपने आदि-देवता के बराबर, "हर-हर महादेव" की जगह "हर-हर मोदी" का नारा लगाकर जिताने मे अपनी पूरी ताकत लगा देते हैं। 

भारत में मोदी और अमेरिका में ट्रंप जैसे नस्लवादी लोग चुने जायेंगे तो जार्ज फ्लाएड हों या अखलाख, सभी का हश्र यही होना है।

आज पूरे विश्व और भारत का दुर्भाग्य है कि लिंकन, कैनेडी, गांधी, नेहरू जैसे नेता अब बन नहीं पा रहे है और ट्रंप-मोदियों का भरमार है....😢

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

पंजगाई पंचायत उपचुनाव में कांटे की टक्कर टास से हुआ हार जीत का फ़ैसला

टूरिस्ट गाइड लाइंसेंस बनाएं जाएं व रिन्यू किये जाएं चुडेश्वर टैक्सी यूनियन ने पर्यटन विभाग से की मांग

मनरेगा एवं निर्माण मजदूर फैडरेशन की प्रदेशव्यापी हड़ताल, हज़ारों मजदूर पहुंचे श्रमिक कल्याण बोर्ड के कार्यालय के बाहर